![]()
कैमूर के बेलाव थाना क्षेत्र के खजुरा सरैया टोला स्थित काली मंदिर नहर में बच्चों के नहाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सोनवर्षा गांव और सरैया टोला के लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चले। हिंसक झड़प में महिला और पुरुष समेत कुल 18 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप जानकारी के अनुसार, काली मंदिर नहर में बच्चों के नहाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छह गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर घटना की सूचना पर बेलाव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 34 लोगों को नामजद किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 16 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी प्रभारी थानाध्यक्ष रोमा कुमारी ने बताया कि बेलाव, करमचट और भगवानपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित छापेमारी कर 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
