![]()
मधेपुरा सिविल कोर्ट में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) सभागार में बैंक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएलएसए की सचिव-सह-सीनियर जज पूजा कुमारी साह ने की। पूजा कुमारी साह ने बताया कि लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामले, चेक बाउंस, बैंक लोन, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व, बिजली-पानी, सेवानिवृत्ति से संबंधित और अन्य सिविल मामलों का निपटारा सुलह के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोक अदालत द्वारा दिए गए एवार्ड को सिविल कोर्ट की डिग्री के समान कानूनी मान्यता प्राप्त है। इस लोक अदालत के लिए कुल 5,058 लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी है। जिले के 18 थाना क्षेत्रों में सुलहनीय मामलों से जुड़े 1,522 लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनमें से 168 नोटिस का तामिला हो चुका है और 1,354 लंबित हैं। इसके अतिरिक्त, बैंक लोन और अन्य बैंकिंग मामलों में 3,754 लोगों को नोटिस भेजे जाएंगे। स्थायी लोक अदालत में ट्रैफिक मामलों के निष्पादन की तैयारी भी शुरू हो गई है। ट्रैफिक उल्लंघन मामलों की भी सुनवाई अध्यक्ष-सह-पूर्व जिला जज अजीत कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में 31 मार्च 2026 तक के लंबित ई-चालान मामलों के निपटारे पर चर्चा की गई। बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, सीट बेल्ट नहीं लगाने, नो-पार्किंग और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ जैसे ट्रैफिक उल्लंघन के मामलों का भी लोक अदालत में निपटारा किया जाएगा।

