एसआईआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद गड़बूढ़नी पंचायत के पहाड़कापू गांव के बूथ संख्या 317 से जुड़े 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 दिए जाने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि प्रपत्र-7 में कई मतदाताओं को पते पर मौजूद नहीं या स्थानांतरित बताकर हटाने की कोशिश की गई, जबकि वे वर्षों से गांव में रह रहे हैं। मामले को लेकर पहाड़कापू अंजुमन कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता हदीस अंसारी ने की। इसमें जांच कराने और एसडीओ को आवेदन देने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जोगेंद्र खेरवार के जरिए प्रपत्र-7 जमा कराने का प्रयास हुआ। वहीं बीएलओ अनीमा खलखो ने बताया कि जोगेंद्र खेरवार उनके पास प्रिंटेड प्रपत्र-7 लेकर आए थे। फॉर्म में मतदाताओं के नाम के सामने पते पर मौजूद नहीं मिले और स्थानांतरित जैसी प्रविष्टियां पहले से दर्ज थीं। उन्होंने कहा कि सूची में शामिल लोग लंबे समय से गांव में रह रहे हैं और जीवित हैं। संदेह होने पर उन्होंने जांच के बाद ही रिसीविंग देने की बात कही। इसके बाद संबंधित लोग दोबारा नहीं आए। वहीं जोगेंद्र खेरवार ने कहा कि राजेंद्र कुमार सोनी के कहने पर उन्होंने कुछ फॉर्म पर अनजाने में हस्ताक्षर किए थे। इस संबंध में एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने कहा कि बिना जांच किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जा सकता। लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।

