![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिले के प्रत्येक प्रखंड की 10-10 पंचायतों में जल एवं स्वच्छता से जुड़े कार्य पूरे कराए जाएंगे। इसके लिए डीसी अजय नाथ झा ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेने के लिए हर महीने समीक्षा बैठक करने को भी कहा। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में 16वें वित्त आयोग के टाइड अनुदान और वीबी-जी रामजी के प्रावधानों पर आयोजित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में डीसी ने ये निर्देश दिए। कार्यशाला में पेयजल, जल प्रबंधन, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए। विद्यालयों में पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं सुचारू बनाए रखने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा पंचायती राज विभाग को समन्वय से काम करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया, ताकि व्यवस्था नियमित रूप से संचालित हो सके। कार्यशाला में 16वें वित्त आयोग के टाइड अनुदान से पेयजल, जल प्रबंधन, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य कराने की जानकारी दी गई। वहीं, वीबी-जी रामजी के प्रावधानों के तहत योजनाओं के क्रियान्वयन, नियमित निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। मौके पर यूनिसेफ झारखंड के वॉश विशेषज्ञ कुमार प्रेमचंद, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग चास के कार्यपालक अभियंता अनुज सिन्हा, कंसल्टेंट अजय कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, वीबी-जी रामजी के नोडल पदाधिकारी, डीपीएम पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
सभी प्रखंड की 10-10 पंचायतों में जल स्वच्छता के काम पूर्ण कराएं : उपायुक्त
