Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

साहिबगंज में बेखौफ चोर, शोरूम के बाद अब घर में की चोरी, उड़ा ले गये 3 लाख से अधिक की संपत्ति

साहिबगंज में बेखौफ चोर, शोरूम के बाद अब घर में की चोरी, उड़ा ले गये 3 लाख से अधिक की संपत्ति

Sahibganj Crime News, साहिबगंज, (दीप सिंह) : साहिबगंज के तीन पहाड़ क्षेत्र स्थित पड़रिया बागान में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की नकदी और जेवरात चोरी कर ली. घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है. मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने तीनपहाड़ थाना में शिकायत दर्ज करायी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार पड़रिया बागान निवासी मनोज कुमार सिंह के घर में चोरी की वारदात हुई.

घर पर ताला लगा गये थे लगमा हाट

मनोज सिंह के साले रणधीर कुमार सिंह ने थाना में आवेदन देकर बताया कि वे अपने जीजा के घर में ही रहते हैं और मां भगेश्वरी पेट्रोल पंप का हिसाब-किताब भी उनके जिम्मे रहता है. रविवार को वह अपने बच्चे को छोड़ने के लिए घर पर ताला लगा लगमा हाट गये थे. इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गये. चोरों ने घर के दो अलमारियों को तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद, पांच, दस और बीस रुपये के सिक्कों में लगभग 70 हजार रुपये उड़ा ले गये. इसके अलावा उनकी पत्नी की अलमारी से अंगूठी, चेन और पायल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और जरूरी कागजात चोरी कर ली. इतना ही नहीं, चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का सीडीआर भी अपने साथ ले गये. घटना की सूचना मिलने पर राजमहल के पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना के एएसआई ललन रजवार और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की.

Also Read: सरायकेला कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष बने मो. सबान, मो. हफीजुद्दीन को दी पटखनी

एक सप्ताह में कई चोरी की घटनाओं से दहशत

इससे पहले भी 9 मार्च की रात को चोरों ने बैंक मोड़ के पास स्थित जीएम बजाज बाइक शोरूम और डिलेवरी लिमिटेड की ग्रिल तोड़कर करीब 1 लाख 86 हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये कीमत के दो लैपटॉप चोरी कर ली थी. उस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी आरोपी को पकड़ नहीं पायी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

क्या कहते हैं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी

राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

Also Read: काल बनकर आयी समंदर की लहर! पूर्वी सिंहभूम के बीटेक छात्र के लिए ‘डेथ स्पॉट’ बना बीच

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles