![]()
सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र के मधुबनी चौक पर सोमवार शाम पैसे के लेनदेन के विवाद में एक चाय विक्रेता की हत्या कर दी गई। मुर्गा दुकानदार ने धारदार हथियार से चाय विक्रेता का गला रेत दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मधुबनी चौक पर चलाता था चाय की दुकान मृतक की पहचान पुपरी थाना क्षेत्र निवासी मुसहर दास के 30 वर्षीय पुत्र उदय कुमार के रूप में हुई है। उदय मधुबनी चौक पर चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। हत्या का आरोप उसी चौक पर मुर्गा दुकान चलाने वाले मो. जहागिर आलम के पुत्र आफताब आलम पर है। धारदार हथियार से गले पर हमला स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच चाय के पैसे के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम जब उदय कुमार अपनी दुकान पर मौजूद नहीं था, तभी आरोपी आफताब आलम ने मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार से उस पर हमला कर गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और कानून-व्यवस्था बहाल की। एसपी बोले- मामले की जांच जारी एसपी अमित रंजन ने बताया कि हत्या के आरोपी आफताब आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के परिजनों से बातचीत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

