![]()
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) के कर्मचारियों के बोनस पर गुरुवार को नई दिल्ली में हुई एनजेसीएस की बैठक में सहमति बन गई। दोपहर 2.30 बजे शुरू हुई बैठक में लंबे विचार-विमर्श के बाद नियमित कर्मचारियों को 32 हजार रुपए और प्रशिक्षु कर्मचारियों को 25,600 रुपए बोनस देने का फैसला हुआ। लगभग 52,000 स्थायी व प्रशिक्षु (ट्रेनी) कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। प्रबंधन ने शुरुआत में नियमित कर्मचारियों के लिए 31,200 रुपए और प्रशिक्षुओं के लिए 24,960 रुपए का प्रस्ताव रखा था। चर्चा के बाद दोनों श्रेणियों में राशि बढ़ाई गई। बोकारो स्टील प्लांट में करीब 7 हजार नियमित और 200 प्रशिक्षु कर्मचारी हैं। बोनस आने से बाजार में भी रौनक आएगी। बोकारो में बोनस के करीब 23 करोड़ रुपए आएंगे। बीएकेएस ने बोनस के फैसले पर उठाए सवाल इधर, बोनस राशि को लेकर श्रमिक संगठन बीएकेएस ने सवाल उठाया है। बीएकेएस के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर कुमार ने कहा कि बोनस का पूरा फॉर्मूला प्रबंधन ने तय किया था। उनका आरोप है कि बैठक में शामिल कुछ नेताओं को भी प्रबंधन की ओर से आमंत्रित किया गया था। ऐसी स्थिति में बोनस वार्ता से बेहतर परिणाम की उम्मीद करना मुश्किल था। रणधीर ने कहा कि बोनस तय करने की प्रक्रिया में श्रमिकों के हितों को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया। 45-50 डिग्री तापमान, धूल-धुआं, शोर, गैस और भारी मशीनों के बीच काम करने वाले कर्मचारी सेल के उत्पादन और मुनाफे में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि बोनस कर्मचारियों का हक है, भीख नहीं। उन्होंने कहा कि बोनस निर्धारण की प्रक्रिया और प्रबंधन की कथित गतिविधियों को न्यायालय के संज्ञान में लाया जाएगा। कोल इंडिया के 2 लाख कर्मचारियों के बोनस पर फैसला कल कोयला कर्मियों को मिलने वाले बोनस की राशि तय करने के लिए शनिवार को कोलकाता स्थित कोल इंडिया मुख्यालय (सीआईएल) में प्रबंधन और चार ट्रेड यूनियनों की बैठक होगी। इस बैठक पर सीसीएल समेत कोल इंडिया के 2 लाख से अधिक कर्मियों की नजर है। कर्मियों को इस बार पिछले साल की तुलना में 10 से 15 हजार रुपए अधिक बोनस मिलने की उम्मीद है। यूनियन प्रतिनिधियों पर भरोसा जताते हुए कर्मी 1.15 लाख रुपए बोनस मिलने की आस लगाए हैं। वर्ष 2025 में कर्मियों को 1.03 लाख रुपए बोनस मिला था।
सेल ने की बोनस की घोषणा:कर्मियों को 32 हजार और प्रशिक्षुओं को 25,600 रु. मिलेंगे; बोकारो में आएंगे 23 करोड़ रुपए
