
जमशेदपुर से ब्रजेश सिंह की रिपोर्ट
Jamshedpur Bandh: जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और हालिया हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. भाजपा का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ यह बंद आयोजित किया जा रहा है. बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है.
भाजपा के सहयोगी दलों का समर्थन
भाजपा के इस बंद को जनता दल (यूनाइटेड), आजसू पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सहित कई सहयोगी दलों ने भी समर्थन देने की घोषणा की है. इसके बाद बंद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न संगठनों से भी सहयोग की अपील की जा रही है.
संस्थानों से सहयोग की अपील
भाजपा ने शहर के व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है. पार्टी की ओर से कहा गया है कि आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों को बंद रखा जाए. बंद के दौरान बस, टेंपो, निजी यात्री वाहन, बाजार, दुकानें, स्कूल, कॉलेज, बैंक और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने की अपील की गई है. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनआवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाया गया है.
महिलाओं से भी की गई विशेष अपील
भाजपा ने महिलाओं से भी इस बंद में सक्रिय सहयोग की अपील की है. पार्टी का कहना है कि अपराध के खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए. महिलाओं से विशेष रूप से आग्रह किया गया है कि वे इस बंद को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं और बढ़ते अपराध के खिलाफ एक मजबूत संदेश दें. पार्टी नेताओं का मानना है कि जब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, तभी प्रशासन पर प्रभावी कार्रवाई का दबाव बनेगा.
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बढ़ा आक्रोश
दरअसल, हाल ही में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में मारपीट की घटना के बाद अपराधियों ने पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की हत्या कर दी थी. इस घटना में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका इलाज जारी है. इस वारदात के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. विपक्ष का आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है और लगातार हो रही घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग ओपन जेल की सुविधाओं पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से 20 जुलाई तक मांगी स्टेटस रिपोर्ट
मशाल जुलूस और बड़े नेताओं की भागीदारी
भाजपा ने बंद से पहले जनजागरण अभियान भी शुरू किया है. इसके तहत शहर में मशाल जुलूस निकाला जा रहा है, ताकि लोगों को बंद के उद्देश्य से अवगत कराया जा सके और अधिक से अधिक नागरिकों का समर्थन प्राप्त हो. पार्टी के अनुसार, बंद के दौरान भाजपा के बड़े और छोटे सभी नेता सड़क पर उतरेंगे और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे. भाजपा ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से बंद में सहयोग करें और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपनी लोकतांत्रिक आवाज बुलंद करें. फिलहाल पूरे शहर में बंद को लेकर तैयारियां तेज हैं और प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें: नए एसएसपी के आते ही अपराधियों ने दी चुनौती, जमशेदपुर में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला


