Sunday, April 26, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

हैंड ग्रेनेड व पिस्टल के साथ सुधीर साव गिरफ्तार

हैंड ग्रेनेड व पिस्टल के साथ सुधीर साव गिरफ्तार

कुख्यात अपराधी टीटू धमाका से जुड़े हैं तार, पुलिस खंगाल रही है आपराधिक इतिहास

लखीसराय. कवैया थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक के साथ एक जमीन माफिया को धर दबोचा है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया है. थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार बड़ी दुर्गा स्थान के सामने स्थित एक प्लॉट पर संदिग्ध गतिविधि हो रही है. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उक्त स्थल से एक पिस्टल, पांच कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बम बरामद किया. मामले की गहन छानबीन के बाद पुलिस ने हनुमान नगर (वार्ड नंबर 19) निवासी रामबालक साव के पुत्र सुधीर साव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुधीर साव एक कुख्यात जमीन माफिया है. जांच में यह बात सामने आई है कि उसके तार जिले के कुख्यात अपराधी टीटू धमाका से जुड़े हुए हैं. सुधीर साव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुका है. थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामलों का पता चला है, और पुलिस उसकी पूरी कुंडली खंगालने में जुटी है. इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि सुधीर साव की गिरफ्तारी जिले की सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण सफलता है. टीटू धमाका जैसे अपराधियों से उसकी सांठगांठ की गहनता से जांच की जा रही है. बरामद हथियारों और हैंड ग्रेनेड के मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था.

The post हैंड ग्रेनेड व पिस्टल के साथ सुधीर साव गिरफ्तार appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles