![]()
चरही| नशे की गिरफ्त से युवाओं को बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए 14 सितंबर को जागरूकता की बस क्षेत्र से गुजरेगी। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता बस यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज का संकल्प दिलाया जाएगा। जागरूकता बस यात्रा के स्वागत को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यात्रा के दौरान फुसरी चौक, 45 नंबर कांटा और चरही दुर्गा मंडप में ठहराव निर्धारित किया गया है। इन तीनों स्थानों पर स्थानीय लोगों की ओर से यात्रा का स्वागत किया जाएगा और अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बहेरा पंचायत समिति सदस्य शक्ति देवी, चरही पंचायत समिति सदस्य आशा राय और समाजसेविका बीना मिश्रा ने क्षेत्रवासियों से निर्धारित स्थानों पर अधिक संख्या में पहुंचकर जागरूकता बस यात्रा का स्वागत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की सेहत को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है। लोगों से खुद नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
जागरूकता रथ यात्रा के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया

