![]()
गयाजी शहर में पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 चल रहा है। सीताकुंड में पिंडदान करने पहुंचे मध्य प्रदेश के बांदा कुलदीप सिंह चौहान की कार का शीशा तोड़कर चोर बैग और पर्स ले उड़े। चोरी हुए पर्स में करीब चार हजार कैश, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे। कुलदीप सिंह चौहान अपने पितरों का पिंडदान करने गया जी पहुंचे हैं और बोधगया में ठहरे हुए हैं। सोमवार सुबह उन्होंने बाईपास मंदिर के पास अपनी कार खड़ी की थी। पिंडदान के बाद जब वे लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था और सामान गायब था। उन्होंने बताया कि जहां कार खड़ी थी, वहां से करीब 500 मीटर दूर पुलिसकर्मी तैनात थे, फिर भी उन्हें चोरी का पता तक नहीं चला। शिकायत लेकर वे कंट्रोल रूम से थाना तक भटकते रहे। कंट्रोल रूम में अपनी परेशानी बताई तो उन्हें दूसरी जगह जाने के लिए कहा गया। वहां पहुंचने के बाद फिर थाना जाने की बात कही गई। ‘पिंडदान करने आया हूं या थाना-कंट्रोल रूम के चक्कर लगाने’ तीर्थ यात्री कुलदीप सिंह चौहान ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह अपने पितरों का पिंडदान करने के लिए गयाजी आए हैं, लेकिन चोरी की घटना के बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे इधर-उधर भेजा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह पिंडदान करने के लिए आया है या फिर शिकायत लेकर कंट्रोल रूम और थाने के चक्कर लगाने के लिए? सीसीटीवी से जांच और सामान बरामद करने की मांग पीड़ित तीर्थयात्री ने पुलिस-प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटनास्थल के आसपास यदि सीसीटीवी कैमरे लगे हैं तो उनकी फुटेज की जांच कर चोरों की पहचान की जानी चाहिए। साथ ही चोरी किए गए रुपए, बैग, पर्स और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बरामद कराने की कार्रवाई होनी चाहिए।
गयाजी में पिंडदान करने आए तीर्थयात्री की कार से चोरी:बैग और पर्स ले उड़े चोर; 4 हजार कैश, एटीएम और जरूरी दस्तावेज गायब
