![]()
बांका के रजौन थाना क्षेत्र स्थित राजावर चौक के पास चार मिठाई दुकानों में तोड़फोड़ की गई और तीन पान-चाय गुमटियों से चोरी हुई। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान राजावर बस्ती निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। दुकानदारों ने मंगलवार सुबह अपनी दुकानें खोलने पर तोड़फोड़ और चोरी का पता चला। मिठाई दुकानों के काउंटर टूटे हुए थे और कई सामान गायब थे। तीन भाइयों की दुकानें हुई क्षतिग्रस्त पंकज मिष्ठान भंडार के संचालक ने बताया कि उनके तीन भाइयों की दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। अमन कुमार ने भी अपनी मिठाई दुकान में तोड़फोड़ और चोरी की पुष्टि की। सभी मिठाई दुकानों के शीशे तोड़कर उन्हें नुकसान पहुंचाया गया था। प्रीतेश चौधरी, निरंजन यादव और सिथुन कुमार की पान-मसाला गुमटियों के ताले भी टूटे हुए मिले। प्रत्येक गुमटी से लगभग दो-दो हजार रुपये के सामान चोरी होने की बात कही गई है। आरोपी ने जुर्म किया कबूल स्थानीय लोगों ने देर रात विक्रम कुमार को नशे की हालत में संदिग्ध गतिविधि करते देखा था। उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने विक्रम कुमार के पास से चोरी के कुछ सामान बरामद किए। उसने मिठाई दुकानों में तोड़फोड़ और चोरी करने की बात स्वीकार कर ली है। घटना के बाद सभी दुकानदारों ने थाने में सामूहिक आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्र में नशे का बढ़ता प्रचलन ऐसी घटनाओं का कारण बन रहा है, जिससे असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। थानाध्यक्ष राजरतन ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हो गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
