Friday, May 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बिहार बोर्ड ने आठवीं बार सबसे पहले जारी किया इंटर:पश्चिम चंपारण में छात्राओं ने लहराया परचम, नासरीन स्टेट टॉप 5 में


बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने लगातार आठवें वर्ष इतिहास रचते हुए इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम देश में सबसे पहले जारी किया। यह परीक्षा 1 से 15 फरवरी तक आयोजित की गई थी, जिसमें पश्चिम चंपारण जिले के 43 हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। परीक्षा समाप्त होने के ठीक 38वें दिन परिणाम घोषित कर बोर्ड ने छात्रों की प्रतीक्षा समाप्त की। इस वर्ष जिले का कुल परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1.50 प्रतिशत कम रहा। हालांकि, जिले की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बगहा दो प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरवल की छात्रा नासरीन परवीन ने कला संकाय में 477 अंक प्राप्त कर राज्य के टॉप फाइव में तीसरा स्थान हासिल किया है। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2024 जिले में कुल 64 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें कुल 43,104 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 21,557 छात्र और 21,547 छात्राएं थीं। परीक्षा के दौरान बेतिया जिले में एक परीक्षार्थी को निष्कासित भी किया गया था। संकायवार परीक्षार्थियों की संख्या इस प्रकार रही: कला संकाय में 30,712 परीक्षार्थी थे, जिनमें 12,863 छात्र और 17,846 छात्राएं शामिल थीं। विज्ञान संकाय में कुल 11,870 परीक्षार्थी थे, जिनमें 8,352 छात्र और 3,518 छात्राएं शामिल थीं। वाणिज्य संकाय में सबसे कम 522 परीक्षार्थी थे, जिनमें 342 छात्र और 180 छात्राएं शामिल थीं। जिले के इंटरमीडिएट टॉपर्स की सूची में कला संकाय में नासरीन परवीन (यूएचएस बोरवल, बगहा दो) ने 477 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। दुर्गा कुमारी (संत तेरेसा बालिका प्लस टू विद्यालय, बेतिया) ने 472 अंक और प्रगति श्रीवास्तव (संत तेरेसा बालिका प्लस टू विद्यालय, बेतिया) ने 469 अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। वाणिज्य संकाय में अनावेया परवीन (एसएस गर्ल्स प्लस टू विद्यालय, बेतिया) ने 460 अंक के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हनी कुमारी (संत तेरेसा बालिका प्लस टू विद्यालय, बेतिया) ने 453 अंक और मुन्ना कुमार (राम बहादुर कॉलेज दुःखी छापर, सिकटा) ने 441 अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। विज्ञान संकाय में चन्देश्वर कुमार (आमना उर्दू प्लस टू विद्यालय, बेतिया) ने 471 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। सोनालाल कुमार (यूएचएस बगही ज्ञानी जी के टोला, बैरिया) और आदित्य जायसवाल (एसएस हरनाटांड, बगहा दो) ने 467-467 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। नफीस अख्तर (राजकेश्वर राव कॉलेज, बिजबनिया) ने 464 अंक प्राप्त किए।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles