Darjeeling News: लगातार हो रही बारिश के बीच उत्तर बंगाल में बुधवार को दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन के लोकोशेड का एक हिस्सा ढह गया. इसमें रेलवे के 8 कर्मचारी घायल हो गये. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) के अधिकारी के अनुसार, प्रभावित कर्मियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया करायी गयी है. उन्होंने बताया कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आयी.

डीएचआर के अधिकाकरी ने कहा कि साहस और समर्पण का परिचय देते हुए रेलवे के प्रभावित कर्मचारियों ने लोको शेड का हिस्सा गिरने के तुरंत बाद सड़क पर सुरक्षा और यातायात की सुगम आवाजाही को प्राथमिकता दी. उन्होंने अपना उपचार कराने से पहले वहां गिरे मलबे को हटाया.

डीएचआर की प्रवक्ता प्रतीक्षा छेत्री के अनुसार, दार्जिलिंग शहर में ऐतिहासिक लोको शेड का एक हिस्सा मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण ढह गया. इससे वहां काम कर रहे रेलवे के 8 कर्मचारी घायल हो गये.

उन्होंने बताया कि मुख्य हिल कार्ट रोड के किनारे स्थित लोको शेड के ढहने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिर गया. इससे यातायात आंशिक रूप से बाधित हुई. छेत्री ने बताया कि बाद में सभी घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया. उन्होंने कहा कि चिकित्साकर्मियों ने पुष्टि की है कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आयी है.

घटना के बाद डीएचआर के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में दार्जिलिंग शहर में 37 मिलीमीटर बारिश हुई है. आईएमडी ने शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग जिले में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है.
ये भी पढ़ें: दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने मई में कमाया ₹395.6 लाख का सर्वाधिक राजस्व, टूटे सारे रिकॉर्ड
ये भी पढ़ें: दुर्गा पूजा में लें दार्जिलिंग की हसीन वादियों का आनंद, शुरू हो रही विशेष टॉय ट्रेन सेवा, जानें रूट और किराया
The post PHOTOS: उत्तर बंगाल में मूसलाधार बारिश, दार्जिलिंग में इंजन पर गिरा लोको शेड, 8 घायल कर्मचारियों ने दिखाया साहस appeared first on Prabhat Khabar.
